
Rajendra Pal Gautam Joins Congress: हरियाणा में गठबंधन की चल रही बातचीत के बीच, दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) को एक बड़ा झटका लग गया है। शुक्रवार, 6 सितंबर को दिल्ली के मौजूदा विधायक और पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम AAP पार्टी का साथ छोड़ते हुए कांग्रेस पार्टी में शामिल हो गए। आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव के संदर्भ में यह घटना काफी अहम मानी जा रही है।
विधायक राजेंद्र पाल गौतम का राजनीतिक सफर
राजेंद्र पाल गौतम, जो सीमापुरी से दो बार विधायक चुने गए और दिल्ली सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं, ने अब कांग्रेस का दामन थाम लिया है। उन्हें पहले एससी-एसटी, समाज कल्याण, और महिला एवं बाल विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई थी। हालांकि, हिंदू देवी-देवताओं पर आपत्तिजनक टिप्पणी के बाद उनका नाम विवादों में आया, जिस कारण से अरविंद केजरीवाल ने उन्हें मंत्री पद से हटा दिया था। इसके बाद से वह AAP से नाराज चल रहे थे और अब उन्होंने कांग्रेस का रास्ता चुना है।
केजरीवाल और सीमापुरी का महत्व
सीमापुरी क्षेत्र अरविंद केजरीवाल के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है, क्योंकि यहीं से उन्होंने अपने सामाजिक कार्य की शुरुआत की थी। अपने दिवंगत सहयोगी संतोष कोहली के साथ उन्होंने बिजली के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन और 15 दिनों की भूख हड़ताल भी की थी। जब AAP ने पहली बार दिल्ली विधानसभा चुनाव लड़ा, तो संतोष कोहली के भाई धर्मेंद्र कोहली को सीमापुरी से टिकट दिया गया था। हालांकि, इसके बाद राजेंद्र पाल गौतम ने दो बार इस सीट से जीत दर्ज की।
AAP में हालिया झटके
राजेंद्र पाल गौतम के कांग्रेस में जाने के बाद, AAP को एक और बड़ा झटका लगा है। इससे पहले विधायक करतार सिंह तंवर और मंत्री राजकुमार आनंद ने भी पार्टी से दूरी बनाई थी। ऐसे में अब यह देखना काफी दिलचस्प होगा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी के भीतर और कौन से बदलाव होते हैं।






