कवर्धा में 4 दिन पहले हुई महिला की हत्या मामले में पुलिस ने उसके ही पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी को शक था कि विधवा महिला जादू-टोना करती है। इसके चलते उसकी पत्नी बीमार रहती है। इसी शक में वह देर रात को महिला के निर्माणाधीन मकान में घुस गया। बरामदे में सो रही महिला के सिर पर डंडे से वार कर किया और फिर चारपाई में आग लगा कर जला दिया। मामला कुकदूर थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम दैहानटोना निवासी सखीना मेरावी (45) का 10 मई को 100 फीसदी जली हुई हालत में शव मिला था। आसपास के लोगों ने मकान से आग की लपटें निकलती देखी तो पुलिस को सूचना दी। इसके बाद फायर ब्रिगेड पहुंची तो दरवाजा बाहर से बंद था। आग पर काबू होने के बाद पुलिस अंदर घुसी तो देखा कि सारा सामान जलकर राख हो चुका था। वहीं बरामदे में महिला का शव पड़ा था। वह अकेले ही रहती थी।
जांच के दौरान पता चला कि महिला के सिर पर डंडे से वार कर उसकी हत्या की गई है। इसके बाद शव को जलाया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए IG बीएन मीणा ने पुलिस के साथ ही साइबर टीम को मामले की जांच के निर्देश दिए। इसके लिए विशेष टीम बनाई गई। टीम जांच कर रही थी तभी पड़ोसी परमेश्वर परस्ते के बारे में पता चला। घटना के दिन से वह गायब था। पुलिस ने उसकी जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह अपने गांव पिपरहा चला गया है।
192 1 minute read