
हरियाणा के गुरुग्राम स्थित उद्योग विहार थाना क्षेत्र में महिला से अवैध संबंधों में पति की हत्या मामले में पुलिस ने खुलासा किया है। मृतक की पत्नी ने ही अपने प्रेमी के साथ मिलकर विक्रम की हत्या की योजना बनाई थी। जांच व पूछताछ में सामने आया है कि आरोपियों ने यूट्यूब पर हत्या करने के तरीके देखकर तरीका अपनाया था। हालांकि महिला खुद ही अपने प्रेमी के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराने पर फंस गई। पुलिस ने इस मामले में विक्रम (मृतक) की पत्नी सोनी देवी और शव दबाने के लिए गड्ढा खोदने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पत्नी की पहचान नवादा (बिहार) के छत्तीहर गांव निवासी सोनी देवी (35 वर्ष) वर्तमान निवासी गुरुग्राम के डूंडाहेडा गांव के रूप में हुई। वहीं, गड्ढा खोदने वाले आरोपी की पहचान मेरठ (उत्तर प्रदेश) के हस्तिनापुर निवासी संतरपाल (60 वर्ष) के रूप में हुई है। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि आरोपी महिला सोनी देवी का आरोपी रविंद्र के साथ करीब एक साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
आरोपी रविंद्र ने प्रेम प्रसंग के दौरान सोनी देवी के साथ अश्लील वीडियो बनाया हुआ था। सोनी देवी व विक्रम (मृतक) के दो बच्चे, जिसमें एक लड़का व एक लड़की है। लड़की ने खेलते-खेलते एक दिन रविंद्र के मोबाइल में वीडियो देख लिया और अपने पापा विक्रम (मृतक) को बता दिया। यह बात रविंद्र व सोनी देवी को पता चल गई। इसके चलते सोनी ने प्रेमी आरोपी रविंद्र के साथ मिलकर अपने पति (विक्रम) की हत्या करने की योजना बनाई। पुलिस इस मामले में अभी तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।