
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को हुए हमले के बाद उनकी सुरक्षा व्यवस्था में अहम बदलाव किए गए हैं। अब जनसुनवाई के दौरान सुरक्षा के नए नियम लागू होंगे। नई व्यवस्था के तहत यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी व्यक्ति सीधे मुख्यमंत्री के नजदीक नहीं जा सकेगा। शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को पहले अधिकारियों द्वारा वेरीफाई किया जाएगा और उसके बाद ही सीएम उस मामले पर सुनवाई करेंगी। सिविल लाइंस स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हुए इस हमले ने सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री की सुरक्षा को लेकर उच्चस्तरीय बैठक भी हुई, जिसमें सुरक्षा खामियों की समीक्षा कर इन्हें दुरुस्त करने का फैसला लिया गया। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर बुधवार को सिविल लाइंस स्थित उनके सरकारी आवास पर जनसुनवाई के दौरान हमला हो गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने मुख्यमंत्री पर पत्थर जैसी कोई वस्तु फेंकी और उनका हाथ पकड़कर जोर से खींचा। अचानक हुए इस हमले में सीएम का सिर मेज से टकरा गया। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू में कर लिया। हमलावर की पहचान 41 वर्षीय राजेश खीमजी के रूप में हुई है, जो गुजरात के राजकोट का निवासी बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है।