
क्रिसमस का जश्न मनाने के लिए देशभर से लाखों सैलानी हिमाचल प्रदेश के पर्यटन स्थलों पर पहुंच गए हैं। शिमला, कुल्लू-मनाली, कसौली-चायल, धर्मशाला-मैक्लोडगंज, डलहौजी और खज्जियार समेत अन्य प्रमुख पर्यटन स्थल सैलानियों से पूरी तरह गुलजार हो गए हैं। भारी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से कई इलाकों में ट्रैफिक जाम की समस्या भी गंभीर हो गई है।
हालांकि, इस बार व्हाइट क्रिसमस की उम्मीद पूरी न होने से कुछ सैलानियों में मायूसी भी देखी जा रही है। इसके बावजूद नए साल के जश्न तक प्रदेश के पर्यटन स्थल पर्यटकों से भरे रहने की संभावना है। होटलों में ऑक्यूपेंसी 80 से 90 प्रतिशत तक पहुंच चुकी है, जिससे पर्यटन कारोबार में रौनक लौटी है।
आंकड़ों के मुताबिक, वीरवार को करीब 7,865 पर्यटक वाहनों के जरिए लगभग 70,000 सैलानी शिमला पहुंचे। वहीं शुक्रवार को भी 4,077 वाहनों ने शिमला में प्रवेश किया। कुल्लू-मनाली क्षेत्र में पिछले 24 घंटों के दौरान करीब 5,000 वाहन पहुंचे हैं, जिनसे लगभग 50,000 सैलानियों के आने का अनुमान है।
सनवारा टोल प्लाजा पर पिछले 11 घंटों में 14,425 वाहनों की आवाजाही दर्ज की गई है। इसके अलावा धर्मशाला-मैक्लोडगंज और डलहौजी-खज्जियार की ओर भी हजारों सैलानियों ने रुख किया है। बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए अतिरिक्त इंतजाम में जुटा हुआ है।






