
शिवाजी नगर इलाके से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां 19 वर्षीय युवती की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना फुरकानिया इलाके की है, जहां अचानक तेज आवाज गूंजी—कुछ लोगों ने इसे पटाखा समझा तो कुछ ने बाइक की बैकफायर, लेकिन कुछ ही पलों में साफ हो गया कि यह गोली चलने की आवाज थी और वही गोली शिफा की जिंदगी छीन चुकी थी। सड़क पर लहूलुहान गिरी शिफा को देखकर लोग घबरा गए, किसी ने एंबुलेंस को फोन किया तो किसी ने पुलिस को सूचना दी, उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। शुरुआत में मामला पूरी तरह उलझा हुआ नजर आया, चश्मदीदों के बयान अलग-अलग थे और कई सवाल खड़े हो रहे थे कि आखिर किसने और क्यों यह खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।
शिवाजी नगर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए इलाके के हर गली-मोहल्ले और दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की, जिसमें एक महिला और एक युवक की संदिग्ध गतिविधियां सामने आईं, जो घटना से पहले और बाद में इलाके में घूमते दिखाई दिए। तकनीकी सबूतों, मुखबिरों की सूचना और करीब 12 घंटे की लगातार जांच के बाद पुलिस ने एक 25 वर्षीय युवती और उसके 23 वर्षीय पुरुष साथी को हिरासत में लिया।





