
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में बुधवार रात सर्राफा व्यवसायी से बंदूक की नोक पर लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने दुकान बंद कर घर लौट रहे व्यवसायी को बीच रास्ते रोककर मारपीट की और सोने-चांदी के जेवरात से भरी उनकी कार लूटकर फरार हो गए। पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकेबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, राजकिशोर नगर स्थित सरस्वती शिशु मंदिर के सामने रहने वाले संतोष तिवारी ‘महालक्ष्मी ज्वेलर्स’ नाम से ज्वेलरी दुकान संचालित करते हैं। वे प्रतिदिन दुकान बंद करते समय कीमती गहनों को घर ले जाते थे और सुबह पुनः दुकान में सजाते थे।
बुधवार रात करीब 9 बजे वे दुकान बंद कर मैहरून रंग की रेनॉल्ट कार में जेवरात रखकर घर के लिए निकले। जब वे राजकिशोर नगर के टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित शक्ति चौक पहुंचे, तभी सफेद रंग की वैन ने उनकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया।
जैसे ही संतोष तिवारी कार से उतरे, पीछे से पैशन प्रो मोटरसाइकिल सवार बदमाश भी पहुंच गए। आरोपियों ने बंदूक दिखाकर उन्हें धमकाया और विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की। बदमाशों ने बंदूक की बट से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और गहनों से भरी उनकी कार लेकर फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि आरोपी वारदात के बाद अपनी वैन और बाइक मौके पर ही छोड़कर फरार हो गए। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और फरार आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।






