
रायपुर। आध्यात्म और आधुनिक संगीत के अनोखे संगम “भजन क्लबिंग” कार्यक्रम को लेकर राजधानी रायपुर में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। कार्यक्रम के निशुल्क प्रवेश पास आज सुबह Find Your Vibe वेबसाइट पर जारी किए गए, लेकिन कुछ ही समय में भारी संख्या में लोगों के एक साथ लॉग-इन करने की कोशिशों के चलते वेबसाइट क्रैश हो गई।
आयोजकों के अनुसार, बेहद कम समय में हजारों लोगों द्वारा पास हासिल करने की कोशिश यह दर्शाती है कि “भजन क्लबिंग” खासतौर पर युवाओं के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। आध्यात्मिक भजनों को आधुनिक म्यूजिक और लाइटिंग इफेक्ट्स के साथ प्रस्तुत करने की यह अनोखी पहल लोगों को आकर्षित कर रही है।
उल्लेखनीय है कि इतने भव्य और आधुनिक स्वरूप वाले इस आयोजन को पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है, जो अपने आप में एक मिसाल है। यही कारण है कि आमजन में कार्यक्रम को लेकर गजब का उत्साह है। लोग न केवल पास पाने के लिए उत्सुक दिखे, बल्कि इस अनूठे अनुभव का हिस्सा बनने के लिए भी खासे उत्साहित हैं, जहाँ भक्ति, संगीत और सकारात्मक ऊर्जा एक साथ मंच पर नजर आएगी।
आज आयोजित होने वाले इस विशेष कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम के प्रति लोगों की उत्सुकता को और भी बढ़ा दिया है।
आयोजकों को उम्मीद है कि यह कार्यक्रम प्रदेश में आध्यात्मिक आयोजनों की एक नई परंपरा की शुरुआत करेगा, जिसमें युवा पीढ़ी भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाएगी।






