
मुंबई के गोरेगांव स्थित नेस्को सेंटर में आयोजित एक हाई-प्रोफाइल लाइव कॉन्सर्ट पार्टी के बाद दो युवाओं की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से हड़कंप मच गया है। यह घटना 11 अप्रैल की रात की बताई जा रही है, जहां पार्टी के दौरान ड्रग्स और शराब के सेवन की आशंका जताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पार्टी के दौरान कुछ युवाओं की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान एक युवक और एक युवती ने दम तोड़ दिया। दोनों की उम्र 20 से 25 साल के बीच बताई जा रही है। वहीं, एक अन्य युवती की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे आईसीयू में रखा गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 6 लोगों को गिरफ्तार किया है और जांच तेज कर दी है। प्राथमिक जांच में ड्रग्स ओवरडोज की आशंका सामने आई है, हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
इसी क्रम में पुलिस ने पार्टी में शामिल कई लोगों के ब्लड सैंपल जांच के लिए भेजे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि नशीले पदार्थों का सेवन हुआ था या नहीं। मृतक एक प्रतिष्ठित एमबीए कॉलेज के छात्र बताए जा रहे हैं। साथ ही, कुछ छात्रों के बयान भी दर्ज किए गए हैं, जिनमें ड्रग्स के संभावित इस्तेमाल को लेकर अहम जानकारी सामने आई है।






