
रायपुर। राजधानी के माना एयरपोर्ट क्षेत्र में प्रेम संबंध का दर्दनाक अंत सामने आया है। आरोप है कि प्रेमी ने मिलने के बहाने 35 वर्षीय राजकुमारी साहू को बुलाया और विवाद के बाद उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। करीब 65 से 70 फीसदी झुलसी राजकुमारी को गंभीर हालत में मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी वीरू को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक रविवार रात करीब साढ़े 9 से 10 बजे के बीच माना बस्ती से बरौंदा जाने वाली सड़क पर एटीसी बिल्डिंग के पीछे ग्रामीणों और राहगीरों ने एक महिला को झुलसी हालत में चीखते-चिल्लाते देखा। सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और महिला को उपचार के लिए मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। महिला करीब 65 से 70 फीसदी झुलसी हुई थी। सोमवार रात उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पांच साल पहले पति से हुई थी अलग
मृतका की पहचान आरंग-समोदा निवासी राजकुमारी साहू (35) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह करीब पांच साल पहले पति से अलग हो गई थी। इसके बाद वह बोरियाकला क्षेत्र में शदाणी दरबार के आसपास अकेली रहकर घरेलू काम करके अपना जीवनयापन कर रही थी।
मिलने के लिए बुलाया, पेट्रोल लेकर पहुंचा आरोपी
एएसपी ग्रामीण अभिषेक झा के मुताबिक, राजकुमारी और वीरू के बीच शादी से पहले प्रेम संबंध था। घटना वाली रात वीरू ने ही उसे मिलने के लिए बुलाया था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर पेट्रोल लेकर मौके पर पहुंचा था। पुलिस को आशंका है कि इसी दौरान दोनों के बीच विवाद हुआ और महिला पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी गई।
2021 में सास पर टंगिये से हमले का भी आरोप
जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि वर्ष 2021 में आरोपी वीरू आरंग के मोखला गांव पहुंचा था, जहां उसने कथित तौर पर राजकुमारी की सास पर टंगिये से हमला किया था। पुलिस अब इस पुराने मामले और वर्तमान घटना के बीच संबंधों की भी जांच कर रही है।






