
नई दिल्ली: दिल्ली में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान शनिवार को प्रदर्शनकारियों ने अवरोधकों को लांघने के बाद आकाशवाणी भवन के निकट इम्तियाज अली मार्ग पर सुरक्षाकर्मियों पर कथित तौर पर पथराव किया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि दोपहर 25 से 30 प्रदर्शनकारियों ने इम्तियाज अली मार्ग पर लगे अवरोधकों को पार कर सुरक्षाकर्मियों पर पथराव किया। उन्होंने बताया कि इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है और कार्रवाई के दौरान दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। प्रशासन द्वारा प्रदर्शन की अनुमति न दिए जाने और पूरे नई दिल्ली जिले में कड़े सुरक्षा इंतजाम के बावजूद जंतर-मंतर पहुंचने की कोशिश कर रहे लगभग 500 लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। सुरक्षा घेरे को तोड़ने और विभिन्न स्थानों पर फिर से एकजुट होने का प्रयास कर रहे कई प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने खदेड़ दिया और हिरासत में ले लिया।
हिरासत में लिए गए कुछ कार्यकर्ताओं ने ले जाए जाने के दौरान ”इंकलाब जिंदाबाद” के नारे लगाए। यह प्रदर्शन पूर्वाह्न साढ़े 10 बजे शुरू होना था, लेकिन पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवानों ने प्रदर्शनकारियों को तय स्थल तक पहुंचने से रोक दिया। नई दिल्ली जिला में निषेधाज्ञा लागू है। कनॉट प्लेस सहित कई स्थानों से कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया, जबकि कई अन्य को लौटा दिया गया। इससे पहले पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार कर दिया था और जंतर-मंतर के पास किसी भी जमावड़े को रोकने के लिए प्रमुख चौराहों व संपर्क मार्गों पर पुलिसबल तैनात कर दिया। पूरे जिले को 20 सेक्टर में विभाजित किया गया था और वरिष्ठ अधिकारी लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। CJP नेता अभिजीत दीपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को भी राष्ट्रीय राजधानी पहुंचते ही दिल्ली हवाई अड्डे पर हिरासत में ले लिया गया।






