
धर्मेंद्र की पहली पुण्यतिथि पर हेमा मालिनी भावुक हो गईं। उन्होंने पति को याद कर कहा कि उनके बिना जिंदगी खाली लगती है और दुख आज भी कम नहीं हुआ है।
हेमा मालिनी ने धर्मेंद्र को किया याद
बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को इस दुनिया से विदा हुए एक साल बीत गया है, लेकिन उनके परिवार और चाहने वालों के लिए उनकी यादें आज भी ताजा हैं। उनकी पहली पुण्यतिथि पर उनकी पत्नी और अभिनेत्री हेमा मालिनी ने उन्हें याद करते हुए एक भावुक पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने बताया कि धर्मेंद्र को खोने का दुख आज भी वैसा ही है और उनके बिना जिंदगी में एक बड़ा खालीपन आ गया है।
उन्हें खोने का दुख आज भी उतना ही है- हेमा मालिनी
हेमा मालिनी ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबा नोट लिखा, “एक साल बीत गया, लेकिन उन्हें खोने का दुख आज भी उतना ही है। मैंने ऐसे इंसान को खोया है, जिनकी जगह कोई नहीं ले सकता। वह सिर्फ मेरे पति ही नहीं, बल्कि मेरे दोस्त, मेरा सहारा और मेरी ताकत भी थे। वह मेरी पूरी दुनिया थे।”
इतनी सफलता मिलने के बाद भी वह हमेशा सादगी से रहते थे- हेमा मालिनी
हेमा मालिनी ने आगे लिखा, “उनके बिना जिंदगी बहुत सूनी लगती है। उनका व्यक्तित्व बहुत बड़ा था। वह दिल के बहुत अच्छे इंसान थे और उनसे मिलने वाला हर शख्स उनका अपनापन महसूस करता था। इतनी सफलता हासिल करने के बाद भी वह हमेशा जमीन से जुड़े रहे और अपनी जड़ों को नहीं भूले।”
उनके बिना जिंदगी बिताना आसान नहीं है- हेमा मालिनी
अभिनेत्री ने अपने पोस्ट में भगवद्गीता का भी जिक्र किया। उन्होंने लिखा, “श्रीमद्भगवद्गीता हमें बताती है कि आत्मा अमर है और उसका पुनर्जन्म होगा। मुझे इस बात का ज्ञान है, लेकिन मैं अभी भी इसी जीवन में हूं और मैं उनकी प्यारी उपस्थिति को याद किए बिना नहीं रह सकती।
आप सभी की आभारी हूं- हेमा मालिनी
अपने संदेश के आखिर में उन्होंने दुनियाभर के उन प्रशंसकों का शुक्रिया अदा किया, जो लगातार धर्मेंद्र को याद कर रहे हैं। उन्होंने लिखा, “मैं उन लाखों प्रशंसकों का शुक्रिया अदा करती हूं जिन्होंने इस उदार, प्यारे इंसान को याद किया है और धरम जी के बारे में इतने स्नेह भरे संदेश भेजे हैं कि वह उनके लिए क्या मायने रखते थे। एक बार फिर आप सभी का धन्यवाद।”
धर्मेंद्र का 24 नवंबर 2025 को 89 साल की उम्र में मुंबई में निधन हो गया था। उनके जाने से हिंदी सिनेमा में एक ऐसी कमी आ गई है, जिसे भरना मुश्किल है। छह दशक से ज्यादा लंबे करियर में उन्होंने 300 से अधिक फिल्मों में काम किया। ‘शोले’, ‘चुपके चुपके’, ‘फूल और पत्थर’ और ‘सत्यकाम’ जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को आज भी याद किया जाता है।
धर्मेंद्र और हेमा मालिनी की जोड़ी हिंदी सिनेमा की पसंदीदा जोड़ियों में से एक रही है। दोनों ने 1980 में शादी की थी। उनकी दो बेटियां ईशा देओल और अहाना देओल हैं। पर्दे पर दोनों की शानदार केमिस्ट्री हमेशा चर्चा में रही।






