
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है। जोकि राहत भरी खबर है। आज मंगलवार 24 नवंबर को ब्रेंट क्रूड ऑयल का रेट 0.40 प्रतिशत की गिरावट के बाद 89 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया। वेस्ट टेक्स इंटरमीडिएट का रेट 0.2 प्रतिशत की गिरावट के बाद 80 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया। ब्रेंट क्रूड का दाम 3.5 प्रतिशत लुढ़ककर 89.37 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, डब्ल्यूटीआई 4 प्रतिशतकी गिरावट के बाद 80.17 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर आ गया। बता दें, कच्चे तेल का दाम 3 महीने का सबसे नीचले स्तर पर आ गया है।
कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के पीछे की वजह क्या
अमेरिकी के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने कतर के प्रधानमंत्री से मुलाकात की है। यह मुलाकात ईरान के साथ समझौते को लेकर हुई है। बता दें, कतर इस पूरे युद्ध में मध्यस्थता की भूमिका निभा रहा है। हालांकि, अमेरिकी राष्ट्रपति ने चेतावनी दी है कि अगर कौई समझौता नहीं हुआ तो अगले साल फिर से अमेरिका, ईरान पर हमले शुरू कर सकता है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने मिड-टर्म चुनावों को देखते हुए ईरान पर हमलों को रोक दिया था। लेकिन उनकी पार्टी को चुनावों में हार का सामना करना पड़ा है।
इस बीच रविवार को यमन और ईरान से जुड़ाव रखने वाले हूती विद्रोहियों ने सउदी अरब के रिफाइनरी पर नए तरीके से अटैक शुरू कर दिया है। हालांकि, इंफ्रास्ट्रक्चर के कुछ भी नुकसान की अबतक कोई भी खबर नहीं है।
इस महीने की शुरुआत में Goldman Sachs ने कच्चे तेल की कीमतों में तेजी की उम्मीद जताया था। इस संस्थान ने कहा था कि क्रूड ऑयल का रेट 90 डॉलर प्रति बैरल से बढ़कर 105 डॉलर प्रति बैरल के स्तर पर पहुंच सकता है। हालांकि, इस ब्रोकरेज ने अपनी एक और रिपोर्ट में कहा था कि दिसंबर 2027 में क्रूड ऑयल का दाम घटकर 73 डॉलर के आस-पास आ सकता है। इस रिपोर्ट में ब्रोकरेज ने बताया था कि अगर युद्ध नहीं भी खत्म हुए तब भी कोई ना कोई दूसरा रास्ता निकाल लिया जाएगा।
क्या घटेंगे पेट्रोल और डीजल के दाम
इसकी संभावना ना के बराबर है। इसकी वजह पिछले कई महीनों से ऑयल मार्केटिंग कंपनियों का लगातार हो रहा घाटा है। पेट्रोलियम मिनिस्टर हरदीप सिंह पुरी ने पिछले दिनों कहा था कि दुनिया की तुलना में भारत में पेट्रोल और डीजल के रेट में कम इजाफा हुआ है। उन्होंने बताया था कि भारत में महज 7 प्रतिशत रेट बढ़ा है। जबकि अन्य देशों में 50 प्रतिशत तक दाम बढ़ चुका है।






