
दुर्ग। जिले में अलग-अलग तीन स्थानों पर आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। गिरधारीनगर में घर के अंदर रखे गैस सिलेंडर में आग लग गई, जबकि अरसनारा गांव की एक फैक्ट्री की यूनिट आग की चपेट में आ गई। वहीं वायसेप ब्रिज पर ओला स्कूटी की बैटरी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। तीनों घटनाओं में दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। हालांकि स्कूटी पूरी तरह जलकर खाक हो गई।
घर में सिलेंडर में लगी आग, ब्लास्ट होने से बचाया
पहली घटना दुर्ग के मोहन नगर थाना क्षेत्र के गिरधारीनगर की है। यहां एक घर में रखे गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायरमैन ने घर के अंदर जाकर सिलेंडर में लगी आग को बुझाया और उसे ब्लास्ट होने से बचा लिया। इसके बाद सिलेंडर को सुरक्षित स्थान पर रखकर आसपास के क्षेत्र को भी सुरक्षित किया गया।
अरसनारा फैक्ट्री की यूनिट में भड़की आग
दूसरी घटना अरसनारा गांव स्थित एक फैक्ट्री की है। यहां फैक्ट्री की एक यूनिट में अचानक आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे और समय रहते आग पर काबू पा लिया। उनकी तत्परता से आग को फैक्ट्री के अन्य हिस्सों में फैलने से रोक लिया गया।
शॉर्ट सर्किट से ओला स्कूटी में आग, वाहन जलकर खाक
तीसरी घटना वायसेप ब्रिज की है। यहां ओला स्कूटी की बैटरी में शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया और वाहन जलकर खाक हो गया। मौके पर मौजूद यातायात पुलिस ने तत्काल दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद दमकल कर्मियों ने पहुंचकर आग बुझाई।






