
हरियाणा-पंजाब सीमा पर दिल्ली कूच की जिद पर अड़े किसानों के खिलाफ हरियाणा पुलिस की कार्रवाई के विरोध में गुरुवार को पंजाब में कई स्थानों पर रेल पटरियां अवरुद्ध कर दी गईं. साथ ही किसानों ने कई टोल प्लाजा भी फ्री कर दिए. किसानों ने शुक्रवार को ग्रामीण भारत बंद का भी आह्वान किया है. वहीं, खबर लिखे जाने तक तीन केंद्रीय मंत्रियों और किसान नेताओं के बीच चंडीगढ़ में तीसरे दौर की बातचीत जारी थी.
भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) और बीकेयू डकोंदा (धनेर) के आह्वान पर गुरुवार दोपहर 12 बजे किसान कई स्थानों पर रेल पटरियों पर बैठ गए. इस कारण 30 से ज्यादा रेलगाड़ियां प्रभावित हुईं. उधर, होशियारपुर में किसानों ने जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर चोलांग और हरसे मानसर में टोल प्लाजाओं को फ्री करा दिया. किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी ने ऐलान किया है कि शुक्रवार को हरियाणा में टोल फ्री कराए जाएंगे. शनिवार को प्रदेशभर में ट्रैक्टर मार्च निकाला जाएगा.
इंटरनेट सेवाओं पर रोक बढ़ाई हरियाणा सरकार ने सात जिलों में इंटरनेट तथा बल्क एसएमएस सेवाओं पर प्रतिबंध 17 फरवरी तक बढ़ा दिया है. वहीं, पंजाब के पटियाला, संगरूर और फतेहगढ़ साहिब जिलों के कुछ इलाकों में 16 फरवरी तक इंटरनेट सेवाएं निलंबित कर दी गई हैं.
आंसू गैस के 30 हजार गोले मंगवाए पुलिस ने आंदोलन को देखते हुए दिल्ली के सीमावर्ती इलाकों में कड़े इंतजाम किए हैं. दिल्ली पुलिस ने आंसू गैस के 30 हजार गोले मंगवाए हैं.






