
Delhi Metro 2 New Corridor: नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी में मेट्रो के दो नए कॉरिडोर बनाए जाएंगे. एक कॉरिडोर लाजपत नगर से साकेत जी ब्लॉक तक का होगा और दूसरा इंद्रप्रस्थ से इंद्रलोक तक बनाया जाएगा. पीएम नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में यह फैसला किया गया.
केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने बताया कि इंद्रप्रस्थ से इंद्रलोक लाइन 12.4 किलोमीटर लंबी होगी. इसमें करीब 11.4 किलोमीटर लंबा हिस्सा एलेवेटेड होगा और करीब 1 किलोमीटर का हिस्सा अंडरग्राउंड होगा. इस पूरे कॉरिडोर में 10 स्टेशन होंगे. इनमें 9 स्टेशन एलेवेटेड होंगे और एक अंडरग्राउंड स्टेशन होगा. अनुराग ठाकुर ने बताया कि इन दोनों मेट्रो कॉरिडोर को बनाने में कुल 8400 करोड़ रुपये का खर्च आएगा. इनका काम मार्च 2029 तक पूरा कर लिया जाएगा.
कुल मिलाकर 20.7 किलोमीटर लंबा मेट्रो लाइन बनाया जा रहा है. इस प्रोजेक्ट को भारत सरकार और UT (दिल्ली) सरकार के ज्वाइंट वेंचर DMRC द्वारा पूरा किया जाएगा. जिसमें से भारत सरकार 1547 करोड़ रुपये भारत सरकार खर्च करेगी, 4309 करोड़ रुपये जायका का लोन इस्तेमाल किया जाएगा, 1987 करोड़ रुपये UT सरकार के लगेंगे, 333 करोड़ रुपये का खर्च DMRC और 195 करोड़ रुपये PPP कंपोनेंट से लिए जाएंगे.






