
बॉलीवुड के प्रसिद्ध कोरियोग्राफर रेमो डिसूजा और उनकी पत्नी लिजेल डिसूजा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है, जो इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। इस मामले में आरोप है कि उन्होंने 11.96 करोड़ रुपये की जालसाजी की है। शनिवार को महाराष्ट्र के थाणे जिले में एक डांस ग्रुप ने उनके खिलाफ यह मामला दर्ज कराया।
क्या है मामला?
पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, 26 वर्षीय एक डांसर और उनके ग्रुप ने 16 अक्टूबर को मीरा रोड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज करवाई। इसमें रेमो और लिजेल डिसूजा के साथ-साथ पांच अन्य लोगों का नाम भी शामिल है। इन सभी पर भारतीय दंड संहिता की धारा 465 (जालसाजी) और 420 (धोखाधड़ी) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अभी तक रेमो का इस पर कोई बयान नहीं आया है।
आरोप
इस केस में डांस ग्रुप ने आरोप लगाया है कि रेमो और अन्य आरोपियों ने मिलकर उनके साथ धोखाधड़ी की है। शिकायत के मुताबिक, साल 2018 से जुलाई 2024 के बीच में रेमो और उनकी टीम ने इस ग्रुप के साथ धोका किया। यह डांस ग्रुप एक टेलीविजन शो में नजर आया था, जहां उन्होंने ट्रॉफी भी जीती थी। आरोप है कि रेमो और उनकी टीम ने ग्रुप की उपलब्धियों को अपने नाम पर किया और उनकी 11.96 करोड़ रुपये की इनामी राशि हड़प ली।
पुलिस ने अन्य आरोपियों के नाम भी उजागर किए हैं, जिनमें ओम प्रकाश शंकर चौहान, रोहित जाधव, फ्रेम प्रोडक्शन कंपनी, विनोद राउत, और रमेश गुप्ता शामिल हैं। फिलहाल, पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
रेमो डिसूजा की पहचान
रेमो केवल एक सफल कोरियोग्राफर ही नहीं, बल्कि एक प्रमुख रियलिटी शो जज भी हैं। पिछले 15 वर्षों से वे डांस शो के जज के रूप में दर्शकों के दिलों में बसे हुए हैं। “डांस इंडिया डांस,” “झलक दिखला जा,” “डांस के सुपरस्टार्स,” “डांस प्लस,” “इंडियाज बेस्ट डांसर,” “डीआईडी लिटिल मास्टर,” और “डीआईडी सुपर मॉम्स” जैसे कई शो में उनकी जजमेंट की खूब चर्चा होती रही है। अब देखना होगा कि इस मामले में रेमो और उनकी पत्नी का क्या रुख रहता है।