
दिल्ली में सियासी घमासान जोरों पर है। कांग्रेस ने अरविंद केजरीवाल पर जालसाजी और धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए FIR दर्ज कराई, जिससे आम आदमी पार्टी (आप) का पारा चढ़ गया। अब आप पूरी ताकत के साथ पलटवार कर रही है। दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और पार्टी के सांसद संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस और भाजपा पर तीखे आरोप लगाए।
आतिशी का बड़ा दावा: “कांग्रेस-भाजपा की मिलीभगत”
आतिशी ने कांग्रेस पर सीधा निशाना साधते हुए कहा कि 2025 के दिल्ली चुनाव में कांग्रेस, भाजपा के साथ मिलकर आप को हराने की साजिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा, कांग्रेस के उम्मीदवारों को फंडिंग कर रही है। उन्होंने दो नाम लिए—संदीप दीक्षित और फरहाद सूरी—और कहा कि इन्हें भाजपा से मदद मिल रही है।
आतिशी ने कांग्रेस पर सवाल उठाया कि वह भाजपा नेताओं के खिलाफ आवाज क्यों नहीं उठाती, लेकिन आप नेताओं पर केस दर्ज करवा रही है। उन्होंने चुनौती दी कि अगर ये आरोप झूठे हैं, तो कांग्रेस को अजय माकन के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए, जिन्होंने केजरीवाल पर केस कराया है।
संजय सिंह का पलटवार: “भाजपा के दफ्तर से बनी कांग्रेस की लिस्ट”
आप सांसद संजय सिंह ने कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए कहा कि कांग्रेस की उम्मीदवारों की लिस्ट भाजपा के इशारे पर बन रही है। उन्होंने अजय माकन पर “एंटी नेशनल” बयान देने का आरोप लगाया और 24 घंटे के अंदर उनके खिलाफ एक्शन लेने की मांग की।
संजय सिंह ने कहा, “हरियाणा में हमने कांग्रेस के खिलाफ कुछ नहीं बोला, लेकिन अब कांग्रेस की नीयत साफ दिख रही है। अगर कांग्रेस ने अजय माकन पर कार्रवाई नहीं की, तो हम इंडिया अलायंस के घटक दलों से बात करेंगे कि कांग्रेस को गठबंधन से बाहर किया जाए।”