
अरुणाचल प्रदेश से एक बड़ी खबर है कि 100 करोड़ रुपये के जीएसटी हेराफेरी के मामले में दो चार्टर्ड अकाउंटेंट को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रैयाम थाना क्षेत्र के वंसारा गांव में की गई। गिरफ्तार किए गए चार्टर्ड अकाउंटेंट विपिन झा और आशुतोष झा पर आरोप है कि उन्होंने अपने क्लाइंट्स के जीएसटी रिटर्न फाइलिंग में करोड़ों रुपये की गड़बड़ी की।
तकनीकी निगरानी से मिली सफलता
अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने टेक्निकल सर्विलांस के माध्यम से दोनों आरोपियों का पता लगाया। उसके बाद दरभंगा पुलिस की सहायता से वंसारा गांव में छापामारी कर दोनों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद अरुणाचल प्रदेश पुलिस दोनों आरोपियों को अपने साथ ले जाने की कानूनी प्रक्रिया में लगी हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपी अरुणाचल प्रदेश में चार्टर्ड अकाउंटेंट का काम करते थे और अपने ग्राहकों के जीएसटी रिटर्न में बड़े पैमाने पर हेराफेरी करते थे।
100 करोड़ के घोटाले का खुलासा
आरोपियों पर अपने क्लाइंट्स के जीएसटी रिटर्न फाइलिंग के दौरान 100 करोड़ रुपये से अधिक की गड़बड़ी करने का आरोप है। इस घोटाले के खुलासे के बाद से ही अरुणाचल प्रदेश पुलिस लगातार जांच में जुटी हुई थी और अब दरभंगा में यह कार्रवाई की गई। इस बड़े ऑपरेशन में दरभंगा जिला के रैयाम थाना पुलिस का सहयोग महत्वपूर्ण रहा। आरोपियों के छिपने की जगह और उनके स्थानीय संपर्कों को खंगालने में स्थानीय पुलिस की मदद से यह गिरफ्तारी संभव हो सकी।