
खैरागढ़. छत्तीसगढ़ में इन दिनों धान खरीदी का सीजन जोर-शोर से चल रहा है। लेकिन इसी दौरान, किसानों की आड़ में अन्य राज्यों से लाए गए अवैध धान को प्रदेश की मंडियों में खपाने की कोशिशें भी बढ़ गई हैं। प्रशासन ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखते हुए कार्रवाई कर रहा है।
डोंगरगढ़ में एसडीएम की बड़ी कार्रवाई
डोंगरगढ़ के ग्राम नागतराई में प्रशासन ने अवैध धान पर बड़ी कार्रवाई की। एसडीएम मनोज मरकाम ने आधी रात को छापा मारकर सरपंच क्षत्री बाई वर्मा के घर और गोदाम से 360 कट्टा अवैध धान जब्त किया। जांच के दौरान सरपंच ने यह स्वीकार किया कि यह धान ग्राम ढारा से खरीदा गया था और मंडी में बेचने की तैयारी थी।
सरकारी चावल भी बरामद
जांच में गोदाम से सरकारी पीडीएस का 12 कट्टा चावल भी बरामद हुआ। फिलहाल खाद्य निरीक्षक इसकी जांच कर रहे हैं। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सरकारी योजनाओं से जुड़े अनाज का दुरुपयोग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अवैध कारोबार पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
एसडीएम मनोज मरकाम ने बताया कि उन्हें सरपंच के घर में अवैध धान की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान धान और चावल बरामद होने के बाद सरपंच पर कानूनी कार्रवाई की तैयारी है। उन्होंने कहा कि अवैध धान रखने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे, चाहे वे किसी भी राजनीतिक दल से जुड़े हों।
निष्पक्षता का संदेश
गौरतलब है कि सरपंच क्षत्री बाई वर्मा हाल ही में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुई थीं। बावजूद इसके, प्रशासन ने निष्पक्षता से कार्रवाई करते हुए यह संकेत दिया है कि कानून सभी के लिए समान है।






