
रायपुर। विधानसभा थाना क्षेत्र के ग्राम छपोरा में प्रेम संबंध के शक में युवक की नृशंस हत्या करने वाले हिस्ट्रीशीटर समेत दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने ललित कुमार धीवर के सिर पर लोहे की रॉड और लकड़ी के बत्ते से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या की और पहचान छुपाने व सबूत मिटाने के लिए शव को आंशिक रूप से जला दिया।
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अजीत कुमार लहरे उर्फ हरजीत विधानसभा थाना क्षेत्र का कुख्यात हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। हत्या की वारदात में उसका एक अन्य साथी भी शामिल था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
गौरतलब है कि 23 दिसंबर 2025 को पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम छपोरा स्थित गोठान के पास खेत में एक अज्ञात युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और विधानसभा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने पाया कि शव आंशिक रूप से जला हुआ था और सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डॉक्टरों ने मौत का कारण सिर में आई गंभीर चोट बताया।
मामले में थाना विधानसभा में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान जुटाए गए सबूतों और पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा किया। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।






