
रायपुर। राष्ट्रीय स्तर की GATE परीक्षा के दौरान इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के जरिए परीक्षार्थियों को अनुचित लाभ दिलाने की साजिश का बड़ा खुलासा हुआ है। विश्वसनीय सूचना मिलने पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नकल कराने वाले गिरोह को गिरफ्तार किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी पश्चिम संदीप पटेल एवं डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला के निर्देशन में, एडीसीपी पश्चिम राहुल देव शर्मा के मार्गदर्शन में एसीपी पुरानी बस्ती और क्राइम के नेतृत्व में थाना डीडी नगर एवं एसीसीयू की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने परीक्षा केंद्र के आसपास गोपनीय निगरानी शुरू की।
निगरानी के दौरान पुलिस को सरोना स्थित आयन डिजिटल जोन के पास कुछ व्यक्ति संदिग्ध परिस्थितियों में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के साथ मिले। पूछताछ और तलाशी लेने पर उनके पास नकल में प्रयुक्त ब्लूटूथ आधारित डिवाइस और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए। इसके बाद सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि परीक्षा केंद्र के अंदर बैठे अभ्यर्थियों को विशेष इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस उपलब्ध कराए गए थे। परीक्षार्थी प्रश्नों को पढ़कर ब्लूटूथ डिवाइस के माध्यम से बाहर बैठे साथियों तक पहुंचाते थे। बाहर मौजूद सहयोगी गूगल सर्च कर उत्तर तैयार करते और उसी डिवाइस के जरिए परीक्षार्थियों तक पहुंचाते थे। इसके एवज में आरोपियों द्वारा अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूली जाती थी।






