
रायपुर। राजधानी में ड्रग्स केस के बाद अब ‘न्यूड पार्टी’ को लेकर बड़ा बवाल खड़ा हो गया है। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्टरों ने प्रशासन और पुलिस को चौकन्ना कर दिया। इन पोस्टरों में युवाओं को बिना कपड़ों के पार्टी में शामिल होने का न्योता दिया गया था। मामला बढ़ने पर पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग FIR दर्ज कीं और 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
कैसे हुआ मामला उजागर?
पिछले कुछ दिनों से इंस्टाग्राम पर @sinful_writer1 जैसे अकाउंट से ‘न्यूड पार्टी’, ‘स्ट्रेंजर पार्टी’ और ‘हाउस पूल पार्टी’ के पोस्टर तेजी से फैल रहे थे। पोस्टरों में 21 सितंबर को रायपुर के भाठागांव स्थित एक फार्महाउस में पार्टी आयोजित होने की बात लिखी थी। इसमें शराब, ड्रग्स और पूल पार्टी की सुविधा बताई गई थी।
जैसे ही पोस्टर कांग्रेस नेताओं और हिंदू संगठनों तक पहुंचे, उन्होंने इसका जोरदार विरोध किया। कांग्रेस नेता कन्हैया अग्रवाल ने कहा कि रायपुर जैसे सांस्कृतिक शहर में इस तरह की अश्लीलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तेलीबांधा थाने में दो FIR दर्ज कीं, पहली FIR ‘न्यूड पार्टी’ आयोजकों पर और दूसरी FIR ‘स्ट्रेंजर पूल पार्टी’ आयोजकों पर। फार्महाउस, क्लब और पब संचालकों सहित कुल 7 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
न्यूड पार्टी के आयोजक संतोष जेवानी, अजय महापात्रा को गिरफ्तार कर लिया गया है। यह न्यूड पार्टी SS फॉर्म्स हाउस में होनी थी। फॉर्म्स हाउस मालिक संतोष गुप्ता को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। संतोष गुप्ता छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के एजिक्यूटिव इंजीनियर के पद से रिटायर हुए हैं। वहीं इनके साथ ही सोशल मीडिया प्रमोटर अवनीश गंगवानी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। डिजिटल प्रमोटर जेम्स बैक, दीपक सिंह और देवेंद्र कुमार भी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। इस तरह से पुलिस ने न्यूड पार्टी मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आईटी एक्ट, अश्लीलता फैलाने समेत कई गंभीर धाराओं में FIR दर्ज किया गया है।






