
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में लगभग 11 हजार करोड़ रुपये की दो महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का किया। इन परियोजनाओं में दिल्ली खंड का द्वारका एक्सप्रेसवे और अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (यूईआर-2) शामिल हैं। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी उपस्थित रहे। इस दौरान पीएम ने मुंडका में रोड शो किया, जिसमें उन्होंने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। इस दौरान लोगों में भारी उत्साह नजर आया।
पीएम मोदी ने कहा, ‘थोड़ी देर पहले दिल्ली को द्वारका एक्सप्रेस वे और अर्बन एक्सटेंशन रोड की कनेक्टिविटी मिली है। इससे दिल्ली के, गुरुग्राम के और पूरे NCR के लोगों की सुविधा बढ़ेगी। दफ्तर आना-जाना, फैक्ट्री आना-जाना और आसान होगा, सभी का समय बचेगा। हमारे व्यापारी, कारोबारी और किसानों को विशेष लाभ होने वाला है। नए एक्सप्रेसवे का सभी को लाभ मिलेगा। पूरे एनसीआर के लोगों को फायदा होगा। दिल्ली विकास की क्रांति की साक्षी बनी। आज का भारत क्या सोच रहा है, उसके सपने और संकल्प क्या हैं? ये सबकुछ आज पूरी दुनिया अनुभव कर रही है। दुनिया, जब भारत को देखती है, परखती है, तो उसकी पहली नजर हमारी राजधानी दिल्ली पर पड़ती है। दिल्ली को हमें विकास का ऐसा मॉडल बनाना है… जहां सभी को महसूस हो कि हां, ये विकसित होते भारत की राजधानी है।’