
रायपुर. छत्तीसगढ़ में लोगों को आज उमस और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग ने राजधानी रायपुर समेत कई इलाकों में बारिश, अंधड़ और वज्रपात की संभावना जताई है। शनिवार देर रात से सुबह तक हल्की बारिश से पारा गिरा है। अगले 5 दिनों तक मध्यम से तीव्र मेघ गर्जन के साथ तेज हवाएं और हल्की से मध्यम वर्षा जारी रहने की संभावना जताई है। वहीं अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव के आसार नहीं है।
पिछले 24 घंटों के दौरान छत्तीसगढ़ के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 41.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में और सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.9 डिग्री सेल्सियस जगदलपुर में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिक एचपी चंद्रा ने जानकारी दी कि दक्षिण-पूर्व मानसून अगले दो से तीन दिनों में दक्षिण अरब सागर, मालदीव और कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान द्वीप के शेष हिस्से, अंडमान सागर और मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ भागों में सक्रिय हो सकता है।
इसके अलावा, एक द्रोणिका उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश से लेकर उत्तर बांग्लादेश तक पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल होते हुए लगभग 0.9 किलोमीटर की ऊँचाई तक विस्तारित है। इसी मौसमी बदलाव के कारण प्रदेश में बारिश और अंधड़ की गतिविधियां बनी हुई हैं।