
रायगढ़। रायगढ़ में विवाद के बाद मालिक के इशारे पर कुत्ते ने युवक को काट लिया। जिससे उसके जांघ पर गंभीर चोटें आई हैं। शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामला चक्रधर नगर थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, कोतरलिया निवासी सुरेश प्रधान (55) सोमवार को अपने निजी तालाब में नहाने के लिए गए थे। इसी दौरान गांव के कमल प्रधान (21) भी अपने कुत्ते मैक्स को उसी तालाब में नहला रहा था। जिसे सुरेश प्रधान ने दूसरे तरफ ले जाकर नहलाने की बात कही। तो कमल प्रधान विवाद करते हुए गाली-गलौज करने लगा।
इसके बाद वो मारपीट करने लगा। जिससे सुरेश प्रधान गिर गया और तभी कमल ने अपने कुत्ते को काटने का इशारा करते हुए उस पर छोड़ दिया। कुत्ते ने हमला करते हुए सुरेश के जांघ में काट दिया। इससे उसके जांघ में गंभीर चोट आई। तब वह चिल्लाने लगा, तो कमल वहां से चला गया। इसके बाद सुरेश ने मामले की सूचना पुलिस को दी। जहां चक्रधर नगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 296, 115(2), 351(2) और 118(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराया गया और गवाहों के बयान दर्ज किए गए। मेडिकल रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपी के खिलाफ लापरवाही पूर्वक जानवर को छोड़कर हमला करवाने की धारा 291 और 118(2) भी जोड़ी गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।