
सारंगढ़-बिलाईगढ़। जिले के डोंगरीपाली थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। घरेलू विवाद के चलते एक पड़ोसी ने सो रहे परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस खूनी हमले में एक मासूम बच्चे सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।
जानकारी के अनुसार, बरमकेला ब्लॉक के ग्राम पंचायत झाल में रहने वाले कुंवर राय का परिवार रात में अपने घर में सो रहा था। तभी पड़ोस में रहने वाला तुलसी सारथी (26) मंगलवार तड़के लगभग साढ़े चार बजे घर में घुस आया और परिवार के पांच सदस्यों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से घर में अफरा-तफरी मच गई।
हमला इतना घातक था कि दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल एक मासूम बच्चे ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। दो अन्य परिजन गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं, जहां उनका इलाज जारी है।
प्राथमिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने घरेलू विवाद के चलते इस जघन्य वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद वह फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया।
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।





