
रायपुर। राजधानी में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली हिट एंड रन की घटना सामने आई है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में अज्ञात कार चालक ने मॉर्निंग वॉक पर निकली दो युवतियों और एक महिला को तेज रफ्तार से ठोकर मार दी और मौके से फरार हो गया।
यह घटना सुबह करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है। हादसे में गंभीर रूप से घायल महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि अन्य दो घायलों को मेकाहारा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। जिस महिला की मौत हुई है, उसकी हालत घटना के समय से ही नाजुक बताई जा रही थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपी कार चालक अब तक पुलिस की पकड़ से बाहर है। जानकारी के मुताबिक कार की चपेट में आई महिला और युवतियां सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें रौंद दिया। घटना के बाद कार सवार गाड़ी सहित वहां से फरार हो गया। तेलीबांधा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। पुलिस इसके जरिए टक्कर मारकर भागने वाली कार और उसके मालिक की पहचान करने की कोशिश में लगी है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हिट एंड रन में प्रिया साहू नाम की महिला की मौत हुई है। वहीं रिया बंजारे और ललिता साहू घायल हो गए है। दोनों का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।