
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में 5 जगहों पर लूटपाट और मारपीट की वारदात को अंजाम दिया गया. घटना पामगढ़ और शिवरीनारायण थाना इलाके में 27 से 29 जनवरी के रात की है. इन वारदातों में 13 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है. मामले में पुलिस ने दो नाबालिग समेत 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. वहीं इन वारदातों के मास्टरमाइंड को जब पुलिस रविवार सुबह पकड़ने गई तो, उसने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग की. जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है.
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी गिरोह सुनसान और अंधेरे रास्तों पर मोटरसाइकिलों से घूमकर राहगीरों को निशाना बनाता था. सीधे सिर पर रॉड, लोहे के पाइप और डंडों से जानलेवा हमला कर मोबाइल और नकदी लूट ली जाती थी. थाना शिवरीनारायण क्षेत्र के ग्राम कचंदा में एक के बाद एक तीन घटनाओं को अंजाम दिया गया, जिसमें मुकेश रायसागर और अमन बंजारे समेत कई युवक गंभीर रूप से घायल हुए. वहीं थाना पामगढ़ क्षेत्र में जोगिया नाला पुल, ग्राम मेउ और चेऊडीह इलाके में आरोपियों ने अलग-अलग घटनाओं में लोगों के साथ मारपीट कर मोबाइल और नकदी लूटी. इन हमलों में लक्ष्मण यादव को गंभीर चोटें आई हैं.





