
दिल्ली से एक ऐसा हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जिसने भी सुना उसके होश उड़ गए। दरअसल, विवेक विहार के सत्यम एंक्लेव स्थित एक मकान में महिला अंजू उर्फ अंजली (35) की हत्या की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। हत्याकांड में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। पुलिस ने अंजू की हत्या के आरोप में मकान मालिक समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान मकान मालिक विवेकानंद मिश्रा और अभय कुमार झा उर्फ सोनू के रूप में हुई है। महिला का पति आशीष झा अभी फरार बताया जा रहा है। समलैंगिक रिश्तों के कारण महिला का कत्ल किया गया। 23 मार्च को मकान मालिक विवेकानंद, सोनू और आशीष मकान में अनैतिक कार्य कर रहे थे। अंजू ने इन्हें देखा तो तीनों ने पोल खुलने के डर से उसको मार डाला। बाद में लाश को कंबल में लपेटकर बैग में डालकर बेड बॉक्स में छिपा दिया था।
मकान मालिक विवेकानंद मिश्रा से पूछताछ की गई तो वह अजीबों-गरीब बर्ताव करने के अलावा इधर उधर की बात करने लगा। शुरुआत में टीम को लगा कि विवेकानंद कोई साइको मरीज है। कई घंटे लगातार पूछताछ हुई तो वह टूट गया। उसने बताया कि तीन लोगों ने मिलकर महिला की सोमवार को हत्या की थी। सभी बिहार के सुपौल के रहने वाले हैं। पुलिस की पूछताछ में आरोपी विवेकानंद ने बताया कि महिला का नाम अंजू था।