
दिल्ली से लेह जा रहे इंडिगो के विमान की आपात लैंडिंग कराई गई। विमान में तकनीकी खराबी आने के बाद पायलट की सूचना पर विमान को वापस दिल्ली लाया गया। विमान की आपात लैंडिंग से यात्रियों में हड़कंप मच गया। बाद में यात्रियों के लिए वैकल्पिक विमान का इंतजाम किया गया।
इंडिगो एयरलाइन के अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली से लेह के लिए उड़ान भरने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E 2006 में तकनीकी खराबी आ गई। विमान के लेह में उतरने के लिए परिचालन प्रतिबंधों के कारण इसे वापस दिल्ली लौटना पड़ा। पायलट वापस दिल्ली लौट आया। परिचालन फिर से शुरू करने से पहले विमान का आवश्यक रखरखाव किया जा रहा है। इस बीच यात्रियों को लेह ले जाने के लिए एक वैकल्पिक विमान की व्यवस्था की गई है।
इससे पहले सैन फ्रांसिस्को से मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की फ्लाइट के एक इंजन में मंगलवार को तकनीकी खराबी आ गई थी। इस वजह से कोलकाता के हवाई अड्डे पर विमान के निर्धारित ठहराव के दौरान यात्रियों को नीचे उतारना पड़ा। ड्रीमलाइनर विमान एआई180 समय पर (रात 12.45 बजे) हवाई अड्डे पर पहुंची, लेकिन बाएं इंजन में तकनीकी खराबी के कारण उड़ान में देरी हुई। लगभग सुबह 5.20 बजे विमान से सभी यात्रियों को उतरने के लिए कहा गया। विमान के कैप्टन ने यात्रियों को बताया कि उड़ान सुरक्षा के लिहाज से यह निर्णय लिया गया।