
दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में बारिश ने एक बार फिर से हल्की ठंडक का अहसास करा दिया है। दो दिन पहले गर्मी का अहसास कर रहे लोगों के लिए कल और आज सवेरे से हो रही बारिश से मौसम सुहाना हो गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के असर के कारण बारिश से मौसम सुहावना बना हुआ है। शुक्रवार को भी सुबह से बादलों के छाए रहने और शाम के बाद हल्की बारिश व ठंडी हवाओं ने गर्मी के अहसास को कम कर दिया। हालांकि, इससे तापमान में कुछ खास परिवर्तन नहीं हुआ। शुक्रवार को अधिकतम व न्यूनतम तापमान बढ़ा ही रहा। न्यूनतम तापमान तो सामान्य से 5.9 डिग्री अधिक रहा। बृहस्पतिवार को न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग के अनुसार एक मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयन क्षेत्र में दस्तक देने जा रहा है। इसका ज्यादा असर पहाड़ों में ही देखने को मिलेगा। इसका हल्का असर उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में भी रहेगा। विक्षोभ के असर से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में आगामी तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी। अभी जो तापमान 15-19 डिग्री के बीच चल रहा है वह 13-15 डिग्री के बीच पहुंच जाएगा। हालांकि, अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। शुक्रवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री अधिक 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान सामान्य से 5.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दिन भर आसमान में बादल छाए रहे और शाम के बाद हल्की बारिश व ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना बना रहा।