
ओडिशा में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा विजिलेंस विभाग ने माइनिंग विभाग के डिप्टी डायरेक्टर देबब्रत मोहंती को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान उनके विभिन्न ठिकानों से करीब 4 करोड़ रुपये नकद, सोना और आलीशान संपत्तियों का खुलासा हुआ है। अधिकारियों के अनुसार यह राज्य के इतिहास की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है।
देबब्रत मोहंती कटक सर्कल में माइंस के डिप्टी डायरेक्टर पद पर पदस्थ हैं। मंगलवार रात विजिलेंस टीम ने उन्हें एक लाइसेंसी कोयला व्यापारी से 30,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए पकड़ा। आरोप है कि वे कोयला डिपो के संचालन और ट्रांसपोर्ट परमिशन में बिना बाधा अनुमति देने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहे थे।
सूचना मिलने के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाकर योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की और मोहंती को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।






