
सनी देओल की बहुप्रतीक्षित युद्ध ड्रामा फिल्म ‘बॉर्डर 2’ रिलीज से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचाने के संकेत दे रही है। फिल्म इस वीकेंड सिनेमाघरों में शानदार शुरुआत कर सकती है। एडवांस बुकिंग के आंकड़े इसकी मजबूत ओपनिंग की ओर इशारा कर रहे हैं।
फिल्म ‘बॉर्डर 2’ की एडवांस बुकिंग सोमवार से शुरू हुई और महज 24 घंटे के भीतर इसे जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। फिल्म ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के मुताबिक, पहले दिन की एडवांस बुकिंग में ही फिल्म ने 2.5 करोड़ रुपये से अधिक का कलेक्शन कर लिया है।
देशभर में फिल्म के 11,000 से ज्यादा शो रखे गए हैं, जिनके लिए अब तक 73,000 से अधिक टिकट बिक चुके हैं। मल्टीप्लेक्स और सिंगल स्क्रीन दोनों जगह दर्शकों में फिल्म को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है।
वहीं, BookMyShow पर भी ‘बॉर्डर 2’ की जबरदस्त डिमांड बनी हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, प्लेटफॉर्म पर हर घंटे करीब 2,000 टिकट बिक रहे हैं और यह रफ्तार लगातार बढ़ रही है।
देशभक्ति, इमोशन और दमदार एक्शन से भरपूर मानी जा रही ‘बॉर्डर 2’ को लेकर सनी देओल के फैंस में जबरदस्त क्रेज है। एडवांस बुकिंग के मौजूदा आंकड़ों को देखते हुए माना जा रहा है कि फिल्म ओपनिंग वीकेंड पर बॉक्स ऑफिस पर बड़ा रिकॉर्ड बना सकती है।






