
Box Office Collection: हाल ही में हॉरर कॉमेडी फिल्म मुंजा ने सिनेमाघरों में दस्तक दी है। वहीं, कई अन्य फिल्में भी इन दिनों थिएटर में प्रदर्शित हो रही हैं। आइए जानते हैं कि शुक्रवार को टिकट खिड़की पर किस फिल्म का कैसा प्रदर्शन रहा है।
मुंजा
अभिनेता अभय वर्मा और शरवरी वाघ अभिनीत मुंजा की चर्चा पिछले कुछ समय से काफी ज्यादा हो रही थी। फिल्म का ट्रेलर सामने आने के बाद लोगों में इस फिल्म को लेकर उत्सुकता काफी ज्यादा बढ़ गई थी। हालांकि, टिकट खिड़की पर फिल्म की शुरुआत धीमी रही है। आदित्य सरपोतदार के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने पहले दिन तीन करोड़ 75 लाख रुपये का कलेक्शन किया है।
बैड बॉयज- राइड ऑर डाई
विल स्मिथ और मार्टिन लॉरेन्स अभिनीत फिल्म बैड बॉयज राइट ऑर डाई भारत में रिलीज हो चुकी है। इस फिल्म में दोनों ही कलाकारों ने कमाल की अदाकारी दिखाई है। हालांकि, भारतीय बॉक्स ऑफिस पर फिल्म की रफ्तार काफी सुस्त नजर आ रही है। गुरुवार को इस फिल्म ने 32 लाख रुपये का कलेक्शन किया था। वहीं, शुक्रवार को फिल्म ने 44 लाख रुपये बटोरे हैं। फिल्म का कुल कलेक्शन अब 76 लाख रुपये हो गया है।
मिस्टर एंड मिसेज माही
मिस्टर एंड मिसेज माही सिनेमाघरों में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी है। फिल्म में राजकुमार राव और जान्हवी कपूर ने अहम भूमिका निभाई है। पहले हफ्ते में इस फिल्म ने 24.45 लाख रुपये का कलेक्शन किया था। वहीं, आठवें दिन फिल्म ने एक करोड़ 22 लाख रुपये कमाए हैं। शुक्रवार की कमाई को मिलाकर फिल्म का कुल बिजनेस 25.67 करोड़ रुपये हो गया है।
श्रीकांत
राजकुमार राव की एक और फिल्म इन दिनों सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है। फिल्म में श्रीकांत में उन्होंने दृष्टिहीन उद्योगपति का किरदार निभाया है। यह फिल्म टिकट खिड़की पर धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रही है। 29वें दिन फिल्म ने 20 लाख रुपये का कलेक्शन किया। इसके साथ ही फिल्म की कुल कमाई 45.95 करोड़ रुपये हो गई है।






