
MP Crime News: मध्य प्रदेश के देवास में लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। छह महीने से गायब महिला का शव एक फ्रिज में बंद पाया गया। पुलिस ने आरोपी संजय पाटीदार को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने हत्या का जुर्म कबूल कर लिया।
कैसे खुला फ्रिज में लाश होने का राज?
घटना देवास के वृंदावन धाम की है, जहां मकान मालिक धीरेंद्र श्रीवास्तव के दो मंजिला मकान में यह वारदात हुई। मकान मालिक लंबे समय से दुबई में हैं। पिछले साल जुलाई में ग्राउंड फ्लोर का एक हिस्सा बलवीर राजपूत नाम के किरायेदार ने लिया था। लेकिन कुछ कमरे पूर्व किरायेदार ने बंद कर रखे थे।
गुरुवार को बलवीर ने मकान मालिक की अनुमति से ताला तोड़ा। उन्होंने देखा कि फ्रिज चालू था। लापरवाही मानकर उन्होंने फ्रिज का स्विच बंद कर दिया और अगले दिन बाकी सामान हटाने का सोचा। शुक्रवार सुबह कमरे से बदबू आने पर शक हुआ। पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस जांच: फ्रिज में मिली महिला की लाश
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर फ्रिज खोला तो उसमें चादर में लिपटी हुई महिला की गल चुकी लाश मिली। मृतका की पहचान पिंकी उर्फ प्रतिभा प्रजापति के रूप में हुई।
क्या है हत्या की वजह? MP Crime News:
आरोपी संजय पाटीदार ने बताया कि वह पिछले पांच सालों से प्रतिभा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में था। दोनों उज्जैन में भी साथ रहे। हालांकि, पाटीदार पहले से शादीशुदा था और उसके दो बच्चे भी थे। प्रतिभा उस पर शादी का दबाव बना रही थी।
हत्या वाले दिन बहस के दौरान उसने प्रतिभा का गला दबाकर हत्या कर दी। लाश को बदबू से बचाने के लिए उसने फ्रिज में छिपा दिया। इस वारदात में पाटीदार को उसके साथी विनोद दवे ने मदद की, जो फिलहाल राजस्थान की जेल में बंद है।
लिव-इन रिलेशनशिप और अपराध
यह मामला एक बार फिर लिव-इन रिलेशनशिप में आपसी विवाद और उससे उपजे खतरनाक परिणामों को उजागर करता है।
पुलिस कार्रवाई जारी
पुलिस ने आरोपी संजय पाटीदार को गिरफ्तार कर लिया है और उसके साथी विनोद दवे से पूछताछ की तैयारी कर रही है।