
मंडी: हिमाचल प्रदेश के शिमला में मस्जिद के अवैध हिस्से को लेकर शुरू हुए विवाद ने अब अन्य शहरों में भी तेजी से फैलना शुरू कर दिया है। शिमला से करीब 140 किलोमीटर दूर मंडी में भी शुक्रवार को एक अवैध मस्जिद को लेकर हंगामा हो गया। मस्जिद के अवैध निर्माण के विरोध में हिंदू समुदाय से जुड़े लोग सड़कों पर उतर आए और विरोध प्रदर्शन किया। यहां पर बड़ी संख्या में पुलिस तैनात कर दी गई है।
हालांकि मंडी प्रशासन ने शहर के सात वार्डों में धारा 144 लागू कर रखी थी, फिर भी लोग शुक्रवार सुबह 11 बजे से सेरी मंच के पास जमा होना शुरू हो गए और नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने मस्जिद के पास सुरक्षा के कड़े इंतजाम कर रखे हैं और वहां बैरिकेडिंग की गई है। जब प्रदर्शनकारी मस्जिद की तरफ बढ़ने लगे और बैरिकेड पार करने की कोशिश की, तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए पानी की बौछार (वाटर कैनन) का इस्तेमाल किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई। मंडी के डीसी और एसपी भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति को नियंत्रण में लाने की कोशिश की जा रही है। खबर लिखे जाने तक प्रदर्शनकारी वहीं डटे हुए थे और नारेबाजी कर रहे थे।
हिमाचल प्रदेश में संजौली के बाद मंडी में बवाल –
अवैध मस्जिद की तरफ बढ़ने की कोशिश कर रहे हिन्दू संगठनों पर पुलिस ने वॉटर कैनन चलाई। दरअसल, कल ही नगर निगम कोर्ट ने 30 साल पुरानी मस्जिद के अवैध निर्माण को तोड़ने का आदेश दिया था। इसके लिए 30 दिन का वक्त दिया गया है। pic.twitter.com/0sJdy9J8Qa
— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) September 13, 2024
मंडी शहर के जेल रोड के पास स्थित यह मस्जिद लगभग 30 साल पुरानी है। बताया जा रहा है कि मस्जिद के सामने लोकनिर्माण विभाग की जमीन पर अवैध रूप से एक सुरक्षा दीवार बनाई गई है, जिससे स्थानीय लोग नाराज हैं। शिमला के संजौली में हुए प्रदर्शन के बाद, मस्जिद समुदाय के लोगों ने खुद ही अवैध सुरक्षा दीवार को गिराना शुरू कर दिया था। इस मामले को लेकर नगर निगम मंडी की कोर्ट में सुनवाई चल रही है। कोर्ट ने आज मस्जिद के अवैध हिस्से को गिराने का आदेश दिया है, साथ ही मुस्लिम समुदाय को एक महीने के अंदर अपील करने का मौका दिया गया है।






