
फिल्मी दुनिया में सिर्फ एक्टिंग ही नहीं, बल्कि लुक और पर्सनैलिटी भी एक्टर के करियर में बड़ी भूमिका निभाते हैं। ऐसा ही अनुभव बॉलीवुड एक्टर अक्षय खन्ना ने भी किया, जब उनका करियर शुरू होने से पहले ही उन्हें बाल्डनेस की समस्या का सामना करना पड़ा।
विनोद खन्ना के बेटे और दमदार अभिनेता के रूप में पहचाने जाने वाले अक्षय खन्ना ने बताया कि एक समय ऐसा था जब कम उम्र में झड़ते बालों ने उन्हें अंदर से तोड़ दिया था। एक पुराने इंटरव्यू में अक्षय खन्ना ने खुलासा किया कि 19-20 साल की उम्र में ही उनके बाल तेजी से झड़ने लगे थे। मिड-डे से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा—
“यह बहुत कम उम्र में शुरू हो गया था। ऐसा लगता था जैसे किसी पियानो बजाने वाले की उंगलियां चली जाएं। जब तक आप इसे स्वीकार नहीं करते, यह आपको परेशान करता रहता है।”
उन्होंने आगे बताया कि सुबह उठकर जब यह महसूस होता है कि चीजें बदल गई हैं, तो यह अंदर तक हिला देता है।
अक्षय खन्ना के मुताबिक, शुरुआती दौर में इस बदलाव ने उन्हें भावनात्मक रूप से काफी प्रभावित किया और वे अपने फिल्मी करियर को लेकर लगातार चिंतित रहने लगे थे।
आज अक्षय खन्ना अपनी एक्टिंग की ताकत से इंडस्ट्री में मजबूत पहचान रखते हैं, लेकिन उनका यह संघर्ष कई युवाओं के लिए प्रेरणा देता है कि कैसे चुनौतियों के बाद भी आगे बढ़ा जा सकता है।






