पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि केंद्रीय जांच एजेंसियां, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) भाजपा के इशारे पर काम कर रहे हैं.
कूचबिहार में एक रैली को संबोधित करते हुए बनर्जी ने भाजपा पर लोकसभा चुनाव के लिए लागू आदर्श आचार संहिता का पालन नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जहरीले सांप पर भरोसा किया जा सकता है, लेकिन भाजपा पर नहीं. उन्होंने निर्वाचन आयोग से इस पर गौर करने और सभी के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने का आग्रह किया.
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी टीएमसी केंद्रीय एजेंसियों की धमकी के आगे नहीं झुकेगी. बनर्जी ने कूचबिहार में महिलाओं से आग्रह किया कि अगर 19 अप्रैल को होने वाले चुनाव से पहले बीएसएफ द्वारा स्थानीय लोगों पर अत्याचार करने की घटनाएं होती हैं तो वे पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं. टीएमसी प्रमुख ने कहा कि केंद्रीय जांच एजेंसियां एनआईए, आयकर विभाग, बीएसएफ और सीआईएसएफ भाजपा के लिए काम कर रही हैं.
बनर्जी ने कहा कि भाजपा केवल एक राष्ट्र, एक पार्टी के सिद्धांत का पालन करती है. उन्होंने निसिथ प्रमाणिक के संदर्भ में कहा कि यह शर्म की बात है कि जिस व्यक्ति के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं, उसे गृह राज्य मंत्री बनाया गया. जिसे हमारी पार्टी से निष्कासित कर दिया गया, अब वह व्यक्ति भाजपा के लिए मूल्यवान है. टीएमसी युवक कांग्रेस के पूर्व नेता प्रमाणिक को 2018 में पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था.






