
दिल्ली में यमुना नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। बुधवार रात पुराने रेलवे पुल पर जलस्तर 205.35 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर है। अधिकारियों ने बताया कि पानी का स्तर सुबह से ही तेजी से बढ़ रहा था और यह लगातार दूसरे दिन चेतावनी स्तर से ऊपर बना रहा। केंद्रीय जल आयोग ने मंगलवार शाम को ही अलर्ट जारी कर दिया था कि यमुना का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर सकता है। आयोग ने प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग को सतर्क रहने, नदी किनारे बसे लोगों को पहले से अलर्ट करने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए थे। स्थिति को देखते हुए मयूर विहार में राहत शिविर लगाए गए हैं। इलाके के निवासी अशोक ने बताया, “ये टेंट लोगों के रहने के लिए लगाए गए हैं। जब बाढ़ आएगी तो नदी किनारे रहने वाले लोग अपने घरों से निकलकर यहां रह सकेंगे।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) की रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा। विभाग ने 31 अगस्त तक राजधानी में गरज-बरस के साथ बारिश का पूर्वानुमान जताया है। इसी बीच, यमुना नदी का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। बुधवार रात 9 बजे पुराने रेलवे पुल पर जलस्तर 205.39 मीटर दर्ज किया गया। यह स्तर खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर है। बता दें कि शहर में चेतावनी का निशान 204.50 मीटर है और जब जलस्तर 206 मीटर तक पहुंचता है, तो प्रशासन नदी किनारे बसे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट करना शुरू कर देता है।