
पटना . केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि केंद्र सरकार जातीय गणना के विरोध में नहीं है. भाजपा जब बिहार में सत्तासीन थी, तब पार्टी ने जाति आधारित सर्वेक्षण का समर्थन किया था. मगर, राज्य सरकार की ओर से कराए गए सर्वेक्षण में कुछ मुद्दे हैं, जिनका समाधान किया जाना चाहिए.
पटना में आयोजित पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में अमित शाह ने कहा कि जाति आधारित सर्वेक्षण में बाधा उत्पन्न करने की केंद्र सरकार की कभी कोई मंशा नहीं रही. मगर, बिहार में हुए जाति आधारित सर्वे की रिपोर्ट पर सवाल उठ रहे हैं. इसमें कई तरह की त्रुटियां उजागर हुई हैं. दावा किया जा रहा है कि सर्वे में कुछ खास जातियों को तवज्जो दी गई है. कुछ छोटी व पिछड़ी जातियों के साथ भेदभाव को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. इन सब मसलों का तुरंत समाधान करने की जरूरत है.
अमित शाह ने कहा कि बिहार की जाति आधारित गणना का भाजपा ने समर्थन किया था. जब सर्वे करने का निर्णय हुआ था, तब भाजपा राज्य सरकार में शामिल थी. जाति आधारित गणना की रिपोर्ट के आधार पर जो आरक्षण बढ़ाने का कानून बना, उसका भी भाजपा ने समर्थन किया था. मगर, यह भी हकीकत है कि सर्वे रिपोर्ट पर अब सवाल उठ रहे हैं. इस सिलसिले में पिछड़ी जातियों का प्रतिनिधिमंडल भाजपा नेताओं, जदयू और राजद के नेताओं से भी मिला है.
बच्चों के मुद्दों पर हर तीन माह में समीक्षा पूर्वी क्षेत्रीय परिषद के सदस्य राज्यों में बच्चों और महिलाओं के स्वास्थ्य एवं शिक्षा से जुड़ी योजनाओं की हर तीन माह पर उच्चस्तरीय समीक्षा होगी. बैठक में बच्चों में कुपोषण को दूर करने, स्कूलों में ड्रॉपआउट कम करने, आयुष्मान भारत योजना में सरकारी अस्पतालों की भागीदारी बढ़ाने पर सहमति बनी. इसके अलावा महिलाओं और बच्चों के खिलाफ दुष्कर्म के मामलों की त्वरित जांच और शीघ्र निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक विशेष न्यायालयों का कार्यान्वयन आदि विषयों की हर तीन माह पर समीक्षा पर सहमति बनी. यह समीक्षा सदस्य राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्री व मुख्य सचिव के स्तर पर होगी. बैठक में कुल 21 एजेंडों पर चर्चा हुई. गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि बैठक काफी सार्थक रही.
बिहार को विशेष राज्य का दर्जा दे केंद्र नीतीश
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पूर्वी क्षेत्रीय परिषद की बैठक में बिहार को विशेष राज्य का दर्जा देने की मांग उठाई. उन्होंने दावा किया कि बिहार विशेष राज्य के दर्जे की सभी शर्तों को पूरा करता है. अब तो जाति आधारित गणना में सामने आए गरीबी एवं पिछड़ेपन के आंकड़े भी इसका समर्थन करते हैं. मुख्यमंत्री ने कहा, हम चाहते थे कि केंद्र सरकार जातीय आधार पर गणना कराए.
सांसद से करोड़ों मिले, पर गठबंधन चुप
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने झारखंड के कांग्रेस सांसद के यहां करोड़ों की नकदी मिलने पर विपक्षी गठबंधन पर प्रहार किया है. गृहमंत्री ने कहा कि इस मसले पर इंडिया गठबंधन की चुप्पी आश्चर्यजनक है. गरीब राज्य झारखंड में इस तरह का भ्रष्टाचार आंख खोलने वाला है. भाजपा इस मसले को जन-जन तक पहुंचाएगी. शाह ने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ आगे भी कार्रवाई होगी.






