
भारत-चीन सीमा के लगे इलाकों में शुक्रवार को जबरदस्त बर्फबारी हुई, जिससे पूरे सिक्किम में तापमान में भारी गिरावट आई। कई इलाकों में पारा जीरो से नीचे चला गया, जिससे यहां यातायात प्रभावित हो गया है। नाथुला, कुपुप व त्सोम्गो (चांगू) झील और उसके आसपास बहुत भारी बर्फबारी दर्ज की गई। मौसम विभाग ने सिक्किम में अगले 24 घंटों में मौसम और खराब होने का रेड अलर्ट जारी किया है। पर्यटकों से ऊंचाई वाले इलाकों की यात्रा न करने की सलाह दी है। सीमा सड़क संगठन की टीमें बर्फ हटाने के लिए लगातार काम कर रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है, यह जलवायु परिवर्तन का असर हो सकता है, क्योंकि आम तौर पर ऐसी बर्फबारी नवंबर मध्य से शुरू होती है। वहीं, मौसम में आए बदलाव से पर्यटकों के चेहरे खिल गए हैं।
चक्रवात ‘मोंथा’ के प्रभाव से हुई भारी बारिश ने तेलंगाना में तबाही मचा दी। राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश से जुड़े अलग-अलग हादसों में छह लोगों की मौत हो गई है। पुलिस और जिला प्रशासन ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। वहीं, मौसम विभाग ने बंगाल अरुणाचल प्रदेश झारखंड के कई जिलों में अगले 24 घंटे में तेज बारिश की संभावना जताई है।
आंध्र प्रदेश में तूफान ‘मोंथा’ ने राज्य की बिजली व्यवस्था को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। ऊर्जा मंत्री जी. रवि कुमार ने शुक्रवार को बताया कि तूफान के चलते करीब 13,000 बिजली के खंभे, 3,000 किलोमीटर तारें और 3,000 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने पहले ही कहा था कि राज्य को इस आपदा से लगभग 5,265 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।






