
लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान चुनाव आयोग ने कर दिया है. सात चरणों में आम चुनाव करवाए जाएंगे, जबकि 4 जून को रिजल्ट की घोषणा होगी. पहले फेज की वोटिंग 19 अप्रैल, दूसरी फेज की वोटिंग 26 अप्रैल, सात मई को तीसरा फेज, 13 मई को चौथा फेज, 20 मई को पांचवां फेज, 25 मई को छठा फेज और एक जून को सातवें चरण की वोटिंग होगी.
19 अप्रैल को होने वाले पहले चरण में कुल 102 सीटों पर मतदान होंगे, जबकि 26 अप्रैल को 89 सीटों पर, सात मई को 94 सीट, 13 मई को 96 सीट, 20 मई को 49 सीट, 25 मई को 57 सीट और एक जून को 57 सीटों पर वोटिंग होगी.
मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए सबसे पहले कहा कि चुनाव का पर्व, देश का गर्व.उन्होंने बताया कि इस बार 96.8 करोड़ वोटर्स वोट डालने जा रहे हैं. यानी कि करीब 97 करोड़ लोग लोकसभा चुनाव में वोट डालेंगे. आगामी लोकसभा चुनाव में करीब 1.8 करोड़ वोटर्स ऐसे हैं, जो पहली बार किसी चुनाव में वोट डालने वाले हैं. इसके अलावा 20-29 साल की उम्र के बीच के वोटर्स की संख्या 19.47 करोड़ है. चुनाव आयोग ने बताया है कि जिन उम्मीदवारों के आपराधिक रिकॉर्ड हैं, उन्हें तीन बार इसकी जानकारी देते हुए इश्तिहार देना होगा.
कुल मतदाताओं में 49.7 करोड़ पुरुष, 47.1 करोड़ महिलाएं, 48 हजार ट्रांसजेंडर शामिल हैं. चुनाव आयोग के आंकड़े के अनुसार, देशभर में मतदाता लिंगानुपात 948 है, 12 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में पुरुष मतदाताओं की तुलना में महिला मतदाताओं की संख्या अधिक है. मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया, ”हमारी मतदाता सूची में 85 साल से अधिक उम्र के 82 लाख और सौ साल से अधिक उम्र के 2.18 लाख मतदाता शामिल हैं.”






