
रायपुर। ऑनलाइन सट्टा के खिलाफ रायपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ग्रामीण इलाके के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, कोहका में टी-20 क्रिकेट मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहे एक आरोपी को पुलिस ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 1.80 लाख रुपये नगद सहित मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज और सट्टे से जुड़ा सामान जब्त किया गया है। यह मामला तिल्दा नेवरा थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के अनुसार, 14 फरवरी 2026 को तिल्दा नेवरा पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि कोहका स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी के एक मकान में टी-20 क्रिकेट मैचों के दौरान ऑनलाइन सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए। जिसपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रशांत शुक्ला और नगर पुलिस अधीक्षक विधानसभा वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी तिल्दा नेवरा निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।
रेड कार्रवाई के दौरान मकान में मौजूद व्यक्ति ने पूछताछ में अपना नाम जितेंद्र बिरला उर्फ बबलू उर्फ बिल्ला बताया। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन में 777 ग्रैंड एक्सचेंज और JMD BET आईडी के माध्यम से ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा खेलना और खिलाना पाया गया।






