
आयकर विभाग के 100 से अधिक अधिकारियों की टीमों के छापे में तीन जूता कारोबारियों के यहां से करीब 54 करोड़ रुपये की नकदी बरामद हुई है. शनिवार दोपहर से रविवार रात करीब 12 बजे तक 14 ठिकानों पर जारी छापामार कार्रवाई में मिली नोटों की गड्डियों को गिनने में टीमों को 36 घंटे से अधिक लगे.
नोटों की गिनती पूरी करने के बाद आयकर टीमें जूता कारोबारियों के यहां दस्तावेज खंगालने में जुटी थीं.
आयकर विभाग की इंवेस्टीगेशन शाखा के जूता कारोबारियों के यहां छापे में हरमिलाप ट्रेडर्स के यहां सबसे ज्यादा नकदी मिली. उसके यहां से 52 करोड़ रुपये के 500-500 के नोट बरामद हुए. वहीं मंशु फुटवियर कंपनी के संचालकों के यहां दो करोड़ रुपये की नकदी प्राप्त हुई. इस तरह कुल 54 करोड़ रुपये की नगदी को गिना जा सका है. यह नकदी सोमवार को सरकारी अभिरक्षा में बैंक में जमा की जाएगी. विभागीय टीम में आगरा एवं दूसरे जनपदों के अधिकारी एवं निरीक्षक शामिल रहे.
नोटों की गिनती शुरुआत में काफी धीमी रही. उसके बाद स्टेट बैंक से अतिरिक्त मशीन व स्टाफ बुलाया गया. तब गिनती में तेजी आई . आयकर छापा रविवार को देर रात भी जारी रहा. टीमों का नेतृत्व संयुक्त निदेशक जांच डॉ. अमरजोत कर रहे हैं. बताया गया कि आय से अधिक संपत्तियों के अलावा बैनामी संपत्तियों के दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं. टीमों को टैक्स में हेराफेरी के दस्तावेज भी हाथ लगे हैं, कई दस्तावेजों में ब्याज का हिसाब भी दर्ज मिला है.






