लूना-25 की नाकामी का चंद्रयान-3 पर असर नहीं

बेंगलुरु. रूस के लूना-25 चंद्र मिशन की नाकामी का भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के चंद्रयान-3 अभियान पर कोई असर नहीं पड़ेगा. भारत के शीर्ष अंतरिक्ष वैज्ञानिकों ने यह बात कही.
चंद्रयान-2 मिशन को 2019 में भेजे जाने के समय इसरो के पूर्व प्रमुख रहे के. सिवन ने सोमवार को कहा, इसका कोई असर नहीं पड़ेगा. उनसे यह पूछा गया था कि रूसी मिशन की नाकामी के बाद क्या इसरो सॉफ्ट लैंडिंग से पहले अतिरिक्त दबाव में है.
सिवन ने कहा, चंद्रयान-3 मिशन योजना के मुताबिक आगे बढ़ रहा. यह (सॉफ्ट लैंडिंग) योजना के अनुसार होगा. हम उम्मीद कर रहे हैं कि इस बार (चंद्रयान-2) के उलट यह (सतह पर उतरने में) सफल रहेगा.
इसरो के पूर्व अध्यक्ष जी माधवन नायर ने कहा कि लूना-25 का दुर्घटनाग्रस्त होना दुर्भाग्यपूर्ण है. उन्होंने चंद्रयान-3 मिशन पर इसका कोई असर पड़ने की आशंका से इनकार करते हुए कहा कि हमारा यह आत्मनिर्भर मिशन है और हम रूस पर निर्भर नहीं हैं.