
दरभंगा. दरभंगा एयरपोर्ट पर शनिवार को मुम्बई जानेवाली फ्लाइट एसजी 116 के छह घंटे से अधिक लेट रहने पर यात्रियों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित यात्रियों का कहना था कि फ्लाइट लेट होने के बारे में हमें पूर्व से कोई सूचना नहीं दी गयी। यहां पहुंचने पर फ्लाइट लेट होने के बारे में बताया गया। सुबह 10.50 बजे की फ्लाइट शाम 530 बजे उड़ान भरी।
मुजफ्फरपुर से आये यात्री मो. आफताब आलम ने कहा कि फ्लाइट का निर्धारित समय 10.50 बजे था। मैं यहां निर्धारित समय से तीन घंटे पहले पहुंच गया था। जब फ्लाइट निर्धारित समय पर रवाना नहीं हुई तो हमने पूछताछ की। इसके बाद विमानन कंपनी के अधिकारी ने कहा कि फ्लाइट छह घंटे लेट है। आफताब ने कहा कि लोगों को गेट से अंदर भी नहीं जाने दिया गया, ताकि आराम से बैठकर फ्लाइट का इंतजार किया जा सके। भीषण गर्मी में बाहर इंतजार करना पड़ रहा है। कंपनी की ओर से यात्रियों को नाश्ता या पानी भी नहीं दिया गया।
मुझे मुम्बई से दुबई की कनेक्टिंग फ्लाइट लेनी थी, वह भी मिस हो गयी।
वहीं, मधुबनी, मोतिहारी आदि जगहों से आये अन्य यात्रियों ने कहा कि फ्लाइट लेट होने के बारे में हम लोगों को पूर्व से कोई सूचना नहीं दी गयी। यहां पूछने पर बताया गया कि फ्लाइट छह घंटे लेट है। 12-14 हजार रुपये खर्च कर हमने फ्लाइट का टिकट लिया है। फिर भी विमानन कंपनी की ओर से हमें कोई सुविधा नहीं दी जा रही है। भीषण गर्मी से बचने के लिए हमें पैसे खर्च कर होटल में समय व्यतीत करना होगा।