
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां अवैध संबंध के शक में एक पति ने अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। खजनी थाना क्षेत्र के धाधूपार गांव में रहने वाले 44 वर्षीय अशोक निषाद ने अपनी 40 वर्षीय पत्नी नीलम देवी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया और फिर फावड़े से उसका गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हैरानी की बात यह है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद ही पुलिस को फोन कर कहा कि उसकी पत्नी की लाश घर में पड़ी है। यह सुनते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और तुरंत कॉल ट्रेस कर पुलिस टीम को मौके पर भेजा गया।
जानकारी के मुताबिक यह घटना 3 मार्च की देर रात करीब 1 से 1:30 बजे के बीच हुई। उस समय घर में पति-पत्नी के साथ उनका 17 वर्षीय बेटा सूरज और 14 वर्षीय बेटी सृष्टि भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था, क्योंकि अशोक को अपनी पत्नी पर अवैध संबंध का शक था। इसी शक के चलते दोनों के बीच कई बार झगड़े भी हो चुके थे।
घटना वाली रात अचानक घर से नीलम की चीखने की आवाज आई। आवाज सुनकर बेटा सूरज जाग गया और कमरे में पहुंचा तो वहां का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। कमरे में चारों ओर खून फैला हुआ था और उसकी मां गंभीर रूप से घायल हालत में पड़ी थी। अशोक ने पहले कुल्हाड़ी से हमला किया था और फिर फावड़े से उसका गला काट दिया था।






