
बागपत। जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने पति और ससुरालीजनों पर जुए में उसे हारने, सामूहिक दुष्कर्म करने और तेजाब से हमला करने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पूरी घटना की शिकायत एएसपी से की है।
पीड़िता, जो बागपत कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है, ने बताया कि उसका और उसकी बहन का निकाह 14 अक्टूबर 2024 को मेरठ के सरूरपुर थाना क्षेत्र के दो सगे भाइयों से हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही दहेज की मांग पूरी न होने पर ससुराल पक्ष उसके साथ अमानवीय व्यवहार करता रहा। उसका पति जुआ खेलने का आदी है।
महिला का आरोप है कि एक दिन उसके पति ने आठ लोगों के साथ जुआ खेलते हुए उसे ही दांव पर लगा दिया और हार गया। इसके बाद पति ने उसे उन लोगों के साथ शारीरिक संबंध बनाने के लिए मजबूर किया। विरोध करने पर उसकी बेरहमी से पिटाई की गई। इसके बाद ससुर, एक जेठ, दो देवर और दो ननदोई ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनुसार, 22 अप्रैल की रात जेठ और ननदोई ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और उस पर तेजाब फेंककर जानलेवा हमला किया। इसी दौरान उसका जबरन गर्भपात भी कराया गया। आरोप है कि उसे बरनावा के पास कृष्णी नदी में फेंककर मारने की भी कोशिश की गई।
पीड़िता की शिकायत पर अदालत के आदेश से सभी आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है।






