
दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को साइप्रस दौरे से जुड़ी कुछ तस्वीरों को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया। उन्होंने सोमवार को साइप्रस के निकोसिया शहर को दिखाने के लिए राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडोलाइड्स का आभार जताया। उन्होंने कहा कि हमें साइप्रस के साथ लोगों के बीच और घनिष्ठ संबंधों की आशा है।
पीएम मोदी ने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडोलाइड्स को धन्यवाद कि उन्होंने मुझे निकोसिया के ऐतिहासिक शहर के कुछ हिस्सों को दिखाया। हमें साइप्रस के साथ लोगों के बीच और घनिष्ठ संबंधों की आशा है।
इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सोमवार को साइप्रस ने अपने सर्वोच्च नागरिक पुरस्कार ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III से सम्मानित किया है। साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडोलाइड्स ने उन्हें यह सम्मान दिया।
पीएम मोदी ने साइप्रस का सर्वोच्च सम्मान मिलने पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, साइप्रस के ग्रैंड क्रॉस ऑफ द ऑर्डर ऑफ मकारियोस III का सम्मान पाकर मैं बहुत खुश हूं। मैं इसे हमारे देशों के बीच मित्रता को समर्पित करता हूं।
इसके बाद, पीएम मोदी और साइप्रस के राष्ट्रपति निकोस क्रिस्टोडोलाइड्स ने संयुक्त रूप से मीडिया को संबोधित किया। पीएम मोदी ने सीमा पार आतंकवाद के विरुद्ध भारत की लड़ाई में साइप्रस के समर्थन के लिए आभार व्यक्त किया। इसके साथ ही दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष को लेकर भी चिंता व्यक्त की।
पीएम मोदी ने कहा, मैं भव्य स्वागत और आतिथ्य सत्कार के लिए राष्ट्रपति का हृदय से धन्यवाद करता हूं। जब से मैंने साइप्रस की धरती पर कदम रखा है, तब से यहां के राष्ट्रपति और यहां के लोगों ने जो अपनापन और स्नेह दिखाया है, वह सीधे दिल को छू गया। अभी कुछ देर पहले ही मुझे साइप्रस के सर्वोच्च नागरिक सम्मान से अलंकृत किया गया। यह सम्मान केवल मेरा नहीं, 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। यह भारत और साइप्रस की अटूट मित्रता पर मुहर है। इसके लिए मैं एक बार फिर हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।